कल्याण समिति की बैठक में श्रमिक समस्याओं के समाधान पर जोर
डीजे न्यूज, धनबाद: बीसीसीएल मुख्यालय, कोयला भवन में शुक्रवार को कल्याण समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने की। बैठक में कर्मचारी कल्याण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं, आधारभूत संरचना तथा श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने केंद्रीय अस्पताल में टोकन प्रणाली, ठेका श्रमिकों के वेतन संबंधी विसंगतियों तथा क्षेत्रीय अस्पतालों में सुविधाओं को सुदृढ़ करने सहित महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
सीएमडी ने कर्मचारी कल्याण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को उठाए गए मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध कार्यबल के समुचित उपयोग एवं विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में समिति सदस्यों ने विभिन्न चुनौतियों के बावजूद बीसीसीएल के परिचालन प्रदर्शन एवं सुधारात्मक प्रयासों की सराहना की। साथ ही कर्मचारी कल्याण से जुड़े विषयों के प्रभावी समाधान, बेहतर सुविधाओं एवं प्रबंधन तथा श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक में कल्याण बोर्ड के सदस्य निताई महतो (BCKU), अशोक कुमार साव (BCMU), के.के. सिंह (DCKS), संजीत सिंह (JMS), एस.एस. डे (KIMP) तथा भवानी बंदोपाध्याय (UCWU) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) राजीव कुमार सिन्हा सहित विभिन्न क्षेत्रों एवं विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।