दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर धनबाद में आदमकद प्रतिमा का नही हो सका अनावरण, उनके कटआउट पर किया गया माल्यार्पण
टुंडी विधायक मथुरा महतो बोले-गुरुजी के संघर्ष और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
डीजे न्यूज, धनबाद: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर धनबाद के निरंकारी चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण होना था, लेकिन प्रतिमा पूर्ण नही होने की वजह से मंगलवार को उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण नही हो सका।
श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर गुरुजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टुंडी विधायक मथुरा महतो मौजूद रहे। उनके साथ जेएमएम जिला अध्यक्ष लखी सोरेन, पार्टी की केंद्रीय प्रवक्ता नीलम मिश्रा, जेएमएम नेता हरीश सिंह सहित जिले भर से आए कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रतिमा के बदले गुरुजी के कटआउट पर नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्षमय जीवन और झारखंड आंदोलन में योगदान को याद किया। इस दौरान टुंडी विधायक मथुरा महतो ने कहा कि गुरुजी की पुण्यतिथि पूरे जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं तथा राज्य के सभी जिलों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से गुरुजी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया।