दावा-आपत्ति के त्वरित निपटारे पर फोकस, BLO को मिला विशेष प्रशिक्षण

दावा-आपत्ति के त्वरित निपटारे पर फोकस, BLO को मिला विशेष प्रशिक्षण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावा एवं आपत्ति (Claim & Objection) तथा नोटिस एवं सत्यापन (Notice & Verification) की प्रक्रिया को प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के सभी बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के स्तर पर किया गया।

गिरिडीह प्रखंड में आयोजित प्रशिक्षण में अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार और अंचलाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने BLO को दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने, नोटिस जारी करने, क्षेत्रीय सत्यापन, निर्धारित प्रपत्रों के उपयोग, दस्तावेजों की जांच, अभिलेख संधारण तथा ऑनलाइन प्रविष्टि सहित पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान धीरेंद्र कुमार ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में BLO की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक दावा और आपत्ति का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन हो सके।

इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा विभिन्न व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से दावा-आपत्ति के निस्तारण, नोटिस निर्गत करने, क्षेत्रीय सत्यापन और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई।

अंचलाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने सभी BLO को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा का पूरी गंभीरता से पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करने का निर्देश दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top