डिगवाडीह में बिजली कटौती और आरएसपी कॉलेज निर्माण में अनियमितता को लेकर बीसीकेयू का हल्ला बोल, जीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू

डिगवाडीह में बिजली कटौती और आरएसपी कॉलेज निर्माण में अनियमितता को लेकर बीसीकेयू का हल्ला बोल, जीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू

डिजे न्यूज तिसरा, धनबाद : डिगवाडीह क्षेत्र में बिजली कटौती, निर्माणाधीन नए आरएसपी कॉलेज के कार्य में कथित अनियमितता तथा सुहानी देवी के परिजनों को नियोजन और उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर मंगलवार को बीसीकेयू के बैनर तले डिगवाडीह स्थित डीजी सबस्टेशन के गेट पर स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने ईजे एरिया भौरा स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने डिगवाडीह विद्युत सब स्टेशन के समक्ष बिजली व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और बीसीसीएल के डीजी सब स्टेशन के प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा। आंदोलनकारियों का आरोप है कि बीसीसीएल की कॉलोनियों में नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, निर्माणाधीन नए आरएसपी कॉलेज के कार्य में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। आंदोलनकारियों ने कहा कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसके अलावा सुहानी देवी के परिजनों को नियोजन देने तथा वर्तमान दर के अनुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। आंदोलनकारियों ने पूरे मामले की जांच कर वास्तविक हकदारों को न्याय दिलाने की मांग की।

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक ईजे एरिया भौरा के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। प्रदर्शन और धरना कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सुंदर लाल महतो, पूर्व पार्षद बिरेन गोराई, सोनू गोराई, बिजली देवी, सुहागी देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top