धनबाद पुलिस परिवार ने स्थानांतरित अधिकारियों को दी विदाई
नवपदस्थापित अधिकारियों का हुआ स्वागत
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद पुलिस परिवार की ओर से शहर के एक निजी होटल में भव्य विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले से स्थानांतरित हुए निवर्तमान डीएसपी एवं पुलिस अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गयी, वहीं जिले में नवपदस्थापित डीएसपी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। समारोह के दौरान अधिकारियों के कार्यकाल, उपलब्धियों एवं पुलिस प्रशासन में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ के साथ उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने स्थानांतरित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धनबाद जैसे महत्वपूर्ण जिले में कार्य करना चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ सीखने का भी बड़ा अवसर होता है। उन्होंने कहा कि यहां कार्यरत अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव जिले की कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था पर देखने को मिला।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासनिक सेवा में स्थानांतरण एक नियमित प्रक्रिया है, लेकिन किसी अधिकारी का कार्य और व्यवहार हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि स्थानांतरित अधिकारी नई जगहों पर भी अपने अनुभव और कार्यशैली से बेहतर प्रशासनिक योगदान देंगे। वहीं नवपदस्थापित अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि धनबाद जिला औद्योगिक, सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है तथा यहां टीमवर्क और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता होती है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन, समर्पण और जनता के प्रति संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्थानांतरित अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों ने जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जन शिकायतों के निष्पादन एवं पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभायी है। उन्होंने नवपदस्थापित अधिकारियों से भी पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम में एसडीओ लोकेश बारंगे, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव , ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याक़ूब समेत जिले के कई डीएसपी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा किये तथा स्थानांतरित अधिकारियों के साथ बिताये गये कार्यकाल की यादों को भी साझा किया।
समारोह का माहौल काफी आत्मीय और भावुक रहा। अधिकारियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर भविष्य की कामना की। वहीं नवपदस्थापित अधिकारियों ने भी धनबाद में बेहतर पुलिसिंग, जनसहभागिता और टीम भावना के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जतायी। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के विश्वास को कायम रखने का संकल्प दोहराया।