कबरीबाद हिंसा में एक और आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के सीसीएल कबरीबाद क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प और उसके बाद भड़की उग्र भीड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 112/26 में नामजद आरोपी सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सीसीएल कबरीबाद क्रेशर के पास स्थानीय लोगों और सीसीएल सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद में खण्डीहा निवासी दिलीप दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान सदर अस्पताल गिरिडीह में उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 110/2026 दर्ज कर पुलिस ने सीसीएल कबरीबाद सुरक्षा इंचार्ज गुडगु राम सागर और सीसीएल गार्ड अख्तर रजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
दिलीप दास की मौत के बाद 6 मई को आक्रोशित लोगों ने शव को स्ट्रेचर पर रखकर शहर की सड़कों से होते हुए सीसीएल कबरीबाद माइंस तक प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। पुलिस के अनुसार भीड़ को शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पथराव शुरू हो गया।
घटना में तत्कालीन साइबर डीएसपी आबिद खाँ और नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विक्रम कुमार घायल हो गए थे, जबकि सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 112/26 दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार, पिता प्रवीण कुमार गुप्ता, निवासी सीतलपुर, थाना मुफ्फसिल, जिला गिरिडीह का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।
छापेमारी अभियान में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, विवेक कुमार माथुरी तथा मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।