धनबाद-निरसा में हो रहे विकास कार्य तो अरूप के पेट में दर्द : ढुलू महतो
लाल झंडे के गढ़ में सांसद की हुई सभा, लाल झंडे के कई समर्थकों ने भी किया संबोधित
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : नागरिक एकता मंच के बैनर तले कुजामा में रविवार को सभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रुप में धनबाद के सांसद ढुलू महतो उपस्थित थे। इसके पूर्व ग्रामीणों ने कुजामा चेकपोस्ट पर सांसद का स्वागत किया। जिस स्थान पर सभा हो रही थी वह लाल झंड़ा का गढ़ माना जाता है। लाल झंड़ा के कई समर्थकों ने सभा को संबोधित किया। इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने निरसा के भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी पर प्रहार करते हुए कहा कि धनबाद और निरसा में विकास का काम हो रहा है, तो उसके पेट में दर्द हो रहा है। आज चारों ओर लूट मची हुई है। माफिया कोयला और आउटसोर्सिंग के आड़ में लूट मचा रहे हैं। ठेका मजदूरों को एचपीसी का वेतन नहीं दिया जा रहा है। जबरन लोगों को विस्थापन के नाम पर हटाने का खेल किया जा रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा जेआरडीए के तहत बेलगड़िया में गरीबों को आवास देना है लेकिन बेलगड़िया में आवास न देकर दूसरे जगहों पर भेजा जा रहा है। लोदना क्षेत्र में विस्थापन के नाम पर दलाली की जा रही है। इसको लेकर जिला प्रशासन के साथ-साथ बीसीसीएल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि गरीबों के साथ अन्याय हुआ तो जिला प्रशासन और डीसी के खिलाफ भी आंदोलन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में राष्ट्र की सम्पत्ति की लूट मची है। हर क्षेत्र से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी जारी है। जो लोग इसका विरोध करते हैं, उन पर एफआईआर की जाती है। मौके पर संजय महतो, नागेश्वर पासवान, सुरेन्द्र पासवान, पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, सूरज भुइंया, राजकुमार भुइंया, गफार खान, अजय साव, मनोज साव, रुदल पासवान आदि मौजूद थे।