धनबाद में कड़ी सुरक्षा एवं पुख्ता प्रशासनिक व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ दुर्गा पूजा

धनबाद में कड़ी सुरक्षा एवं पुख्ता प्रशासनिक व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ दुर्गा पूजा

दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की रही तैनाती, 80 हाई डेफिनिशन कैमरों एवं ड्रोन से हुई निगरानी

डीजे न्यूज, धनबाद:  जिले में दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं सुचारु यातायात संचालन को लेकर व्यापक एवं समन्वित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।

17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक पांच दिनों की अवधि में जिले में 2,000 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसमें धनबाद पुलिस के अतिरिक्त झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) के जवान एवं चौकीदार शामिल थे। सभी प्रतिनियुक्त सुरक्षाकर्मी निर्धारित स्थलों पर चौबीसों घंटे मुस्तैदी के साथ तैनात रहे तथा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई।

पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था

जिले के सभी प्रमुख पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थलों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी के साथ भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निरोधात्मक एवं एहतियाती उपाय किए गए। पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्धारित दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

यातायात प्रबंधन के लिए विशेष रूट प्लान रहा लागू

पूजा के दौरान शहरी क्षेत्रों में यातायात के सुचारु संचालन एवं जाम की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई थी। इसके तहत आवश्यकतानुसार विभिन्न मार्गों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू की गई वहीं कुछ मार्गों को वन-वे निर्धारित किया गया तथा भीड़ एवं यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का परिचालन कराया गया।

प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति कर आवागमन को सुव्यवस्थित रखा गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सड़क सुरक्षा तथा आम नागरिकों के निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करना था।

हाई डेफिनिशन कैमरों एवं ड्रोन से सतत निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर 80 हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों की सतत निगरानी की जा रही थी। इसके अतिरिक्त आवश्यकता के अनुरूप कुछ स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की गई।

तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने, सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों का आकलन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता मिली। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। कई स्थानों पर सादे लिबास में भी पुलिस बल की तैनाती को गई थी ताकि चोरी, छिनतई और छेड़खानी जैसी सम्भावित घटना को रोका जा सके।

शांतिपूर्ण आयोजन में जनसहयोग की अहम भूमिका, एसएसपी ने जताया आभार

दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण समापन पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिले के नागरिकों, पूजा समितियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद जताया। उन्होंने पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात नियमों के पालन करने में आम नागरिकों की सहभागिता तथा पुलिस-प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन को महत्वपूर्ण बताते हुए जन सहयोग की प्रशंसा की।

एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन, यातायात व्यवस्था में सहयोग, संयमित व्यवहार एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के कारण दुर्गा पूजा का आयोजन निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सका।

धनबाद पुलिस ने पर्व के दौरान सहयोग एवं जिम्मेदारी का परिचय देने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top