धनबाद को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात सांसद ढुलू के प्रयासों पर केंद्रीय मंत्री नितिन ने दी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा

धनबाद को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात

सांसद ढुलू के प्रयासों पर केंद्रीय मंत्री नितिन ने दी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा

डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो द्वारा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने हेतु उठाए गए दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सांसद ढुलू महतो ने धनबाद लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बोकारो विधानसभा क्षेत्र के चास अंतर्गत ग्राम जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण की मांग केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाई थी। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि सांसद द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को संबंधित अधिकारियों के पास आवश्यक कार्रवाई एवं स्वीकृति की प्रक्रिया के लिए अग्रेषित कर दिया गया है।

इसी प्रकार सांसद ढुलू महतो ने सेतु भारतम् योजना के अंतर्गत धनबाद के राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-218 एवं एनएच-19 लिंक) पर स्थित 5 अत्यंत व्यस्त रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर आरओबी/आरयूबी (रेलवे ओवरब्रिज/अंडरब्रिज) निर्माण की मांग भी उठाई थी। इस प्रस्ताव पर भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसे तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु संबंधित विभाग को भेज दिया है।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की बढ़ती आबादी, यातायात का दबाव और औद्योगिक महत्व को देखते हुए इन परियोजनाओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में जाम की समस्या में कमी आएगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी तथा लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सड़क अवसंरचना को नई गति मिली है और धनबाद लोकसभा क्षेत्र भी विकास की इस यात्रा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

सांसद ढुलू महतो ने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जाएगी, जिससे धनबाद एवं आसपास के लाखों नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top