धनबाद-झरिया की खबरें:-
स्कूल और बच्चों के विकास पर दिया जोर
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): उत्क्रमित मध्य विद्यालय जहाजटांड़ में शुक्रवार को ‘अभिभावक -शिक्षक बैठक ‘ का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्रबंध समिति अध्यक्ष पशुपति महतो ने की। अभिभावकों का स्वागत बाल संसद के यशोदा कुमारी, रितिका मल्लिक, सावित्री कुमारी आदि ने माथे पर तिलक व पुष्पवर्षा कर किया।
बैठक में विद्यालय परिसर की साफ- सफाई ,छात्रों की नियमित उपस्थिति के महत्व, बाल सुरक्षा एवं संरक्षण, निपुण भारत कार्यक्रम की सफलता में स्कूल प्रबंधन समिति की भूमिका , एफ एल एन की गतिविधियों के अनुसार बच्चों की उपलब्धियों, रेल परीक्षा पर चर्चा ,विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम्स ,खेलकूद में भागीदारी ,लैंगिक समानता, छात्रों को मिलने वाली अनिवार्य सुविधाओं ,विद्यालय के आसपास मादक पदार्थों एवं नशाखोरी की रोकथाम , पोक्सो अधिनियम एवं बाल विवाह निषेध कानून एवं रोकथाम, स्व-अध्ययन में सहयोग, विद्यालय की स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता आदि मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक मदन प्रसाद नायक ने अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय का विकास और बच्चों की सुनहरे भविष्य को गड़ने की बात कही। अभिभावकों ने भी सहयोग करने का भरोसा दिलाया। बैठक में मुनीलाल तुरी , लक्ष्मी देवी, हेमंती कुमारी, बबिता कुमारी मल्लिक, पूजा कुमारी, भीम तुरी , हेमराज तुरी , मनोज कुमार सोरेन, कल्याणी देवी, करनु बाउरी, बसंती देवी, माला देवी, पारु देवी, सहायक शिक्षिका सरोज बड़ा, सहायक अध्यापक राजकुमार यादव सहित दर्जनों अभिभावक उपस्थित थे।
—————————————————-
प्रमण्डलीय आयुक्त करेंगे एसआइआर की समीक्षा
मतदान केंद्रों का भी करेंगे औचक निरीक्षण
धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआइआर) के सफल क्रियान्वयन एवं समीक्षा के निमित्त मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमण्डलीय आयुक्त (उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल, हजारीबाग) विजय कुमार गुप्ता कल धनबाद में प्रवास करेंगे। वे दोपहर 12:30 बजे से समाहरणालय सभागार में बैठक भी करेंगे।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-प्रमण्डलीय आयुक्त मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की अद्यतन स्थिति की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
बैठक में धनबाद एवं गिरिडीह लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सांसद, जिले के सिन्दरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुण्डी एवं बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक, जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष के अलावा निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक के बाद मतदाता सूची प्रेक्षक द्वारा अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे के बीच धनबाद विधानसभा एवं बलियापुर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान वे बीएलओ एवं स्थानीय मतदाताओं से सीधा संवाद कर पुनरीक्षण कार्य की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे।