धनबाद जिले के 9 रेलवे फाटकों पर ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज बनाना संभव, रेलवे ने दी जानकारी

धनबाद जिले के 9 रेलवे फाटकों पर ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज बनाना संभव, रेलवे ने दी जानकारी

सेतु भारतम परियोजना के तहत सांसद ढुलू के पत्र का डीआरएम ने दिया जवाब

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने सेतु भारतम परियोजना के तहत धनबाद जिले के क्रिटिकल रेलवे फाटकों (लेवल क्रॉसिंग) को हटाने के लिए रेलवे से तकनीकी सहमति और आंकड़े मांगे थे। इसके जवाब में मंडल रेल प्रबंधक, धनबाद अखिलेश मिश्र ने पत्र भेजकर जिले के 9 फाटकों की स्थिति बताई है। रेलवे के अनुसार सभी 9 फाटकों पर निर्माण तकनीकी रूप से संभव है। इनमें से 5 फाटकों पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) और 4 फाटकों पर रोड अंडर ब्रिज/लिमिटेड हाइट सबवे (RUB/LHS) बनाया जा सकता है।

कतरास क्षेत्र के लिलोरी गेट (फाटक सं. 3/Spl/3T, KTH-NPJE लाइन) की टीवीयू 92,021 है (अक्टूबर 2025 की स्थिति)। टीवीयू ट्रेन और वाहनों के आवागमन का मापक है। यहाँ ओवर ब्रिज बनाना संभव है। NHAI अधिकारियों के अनुसार ब्रिज निर्माण की कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ रेलवे ने इस फाटक को चौड़ा करने का काम वित्त वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित किया है। सोनारडीह गेट (फाटक सं. 7/Spl/3T, KM-16/46-48, धनबाद-चंद्रपुरा लाइन) की टीवीयू 2,03,893 है (फरवरी 2025 की स्थिति)। यहाँ भी ओवर ब्रिज संभव है और NHAI अधिकारियों के अनुसार इसकी प्रक्रिया चल रही है। इस फाटक को चौड़ा करने का काम भी रेलवे ने 2026-27 में प्रस्तावित किया है।

धनबाद-चंद्रपुरा लाइन पर फुलवारीटांड़ फाटक (सं. 8/Spl/3T) की टीवीयू 1,81,977 है (फरवरी 2025 की स्थिति) और यहाँ भी ओवर ब्रिज संभव है। रेलवे ने बताया है कि धनबाद-चंद्रपुरा लाइन बंद होने के कारण निर्माण विभाग ने यह काम रोक दिया था और इसे IRPSM से हटा दिया गया था। इस काम को वर्ष 2026-27 में फिर से प्रस्तावित किया जाएगा।

पीकेए-एमपीओ सेक्शन के फाटक सं. 27 Spl/T (KM-366/10-12) की टीवीयू 3,09,911 है (अक्टूबर 2024 की स्थिति)। यहाँ ओवर ब्रिज संभव है। इसका GAD (सामान्य व्यवस्था ड्रॉइंग) स्वीकृत हो चुका है और DPR (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) की स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। इसी सेक्शन के फाटक सं. 29/C/T (KM-375/23-25) की टीवीयू 1,21,239 है (अक्टूबर 2024 की स्थिति)। यहाँ भी ओवर ब्रिज संभव है और GAD व DPR तैयार किए जा रहे हैं।

धनबाद मेन लाइन के फाटक सं. 30/C/E (KM-378/11-13) की टीवीयू 1,11,664 है और ग्रैंड कॉर्ड के फाटक सं. 31/C/E (KM-382/7-9) की टीवीयू 1,15,999 है (दोनों अक्टूबर 2024 की स्थिति)। दोनों जगह अंडर ब्रिज संभव है और लिमिटेड हाइट सबवे के लिए GAD व DPR तैयार किए जा रहे हैं। पीकेए-एमपीओ सेक्शन के फाटक सं. 23/C/T (KM-354/13-15) की टीवीयू 85,623 है (अक्टूबर 2024 की स्थिति)। यहाँ भी अंडर ब्रिज संभव है और लिमिटेड हाइट सबवे के लिए GAD व DPR तैयार किए जा रहे हैं।

सबसे आगे की स्थिति फाटक सं. 14/A/T (KM-316/42-317/02) की है। इसकी टीवीयू 4,63,033 है (अप्रैल 2025 की स्थिति) और यहाँ अंडर ब्रिज संभव है। रेलवे के अनुसार इसका विस्तृत प्राक्कलन (DE) स्वीकृत हो चुका है, GAD भी स्वीकृत है और काम शुरू होना है।

सांसद ढुलू महतो ने कहा है कि रेलवे से मिली इस जानकारी के आधार पर वे आगे की कार्रवाई पर नजर रखेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top