दिन में डीसी-विधायक ने सिखाए हाथियों से बचने के गुर, शाम को ही हाथियों ने दे दिया जवाब 

दिन में डीसी-विधायक ने सिखाए हाथियों से बचने के गुर, शाम को ही हाथियों ने दे दिया जवाब

टुंडी के नागपुर में तोड़ी दीवार, गांव में दहशत

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : गुरुवार को दिन में टुंडी में हाथियों से बचने के गुर सिखाए गए और शाम होते ही हाथियों ने बता दिया कि खतरा अभी टला नहीं है।दरअसल, गुरुवार को टुंडी वन प्रक्षेत्र कार्यालय में डीसी आदित्य रंजन और विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम और जागरूकता के लिए लोगों को टिप्स दिए। नौ पंचायतों के ग्रामीणों और वन प्रबंधन समितियों को टॉर्च और मशाल भी बांटे गए।डीसी और विधायक ग्रामीणों को बचाव के टिप्स देकर धनबाद लौटे ही थे कि गुरुवार की देर शाम जंगली हाथियों का झुंड पुरनाडीह और कोल्हार पंचायत की सीमा पर स्थित नागपुर गांव में पहुंच गया।हाथियों ने वहां जमकर उत्पात मचाया। एक घर की चारदीवारी तोड़ दी तथा फसलों को नष्ट कर दिया। हाथियों के आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कई ग्रामीण घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।ग्रामीणों का कहना है कि हाथी अब आए दिन गांव में घुस रहे हैं। दिन में जागरूकता कार्यक्रम होता है और रात में हाथी गांव में आ जाते हैं। लोगों ने वन विभाग से रात में गश्त बढ़ाने और हाथियों को जंगल में ही रोकने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top