टुंडी सीएचसी में नवजात की मौत पर डीसी सख्त, बोले-ऐसी कार्रवाई होगी कि दूसरे प्रखंड भी याद रखेंगे

टुंडी सीएचसी में नवजात की मौत पर डीसी सख्त, बोले-ऐसी कार्रवाई होगी कि दूसरे प्रखंड भी याद रखेंगे

संजीत तिवारी, टुंडी(धनबाद) : सीएचसी टुंडी में 12 नवंबर को प्रसव के बाद नवजात बच्ची की मौत के मामले में प्रशासन अब सख्त मूड में है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा है कि दोषियों पर ऐसी कार्रवाई होगी, जो दूसरे प्रखंडों के लिए भी उदाहरण बनेगी। उपायुक्त ने कहा कि प्रारंभिक कार्रवाई कर दी गई है। सिविल सर्जन को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जिम्मेवारी दी गई है। जांच पूरी होने पर जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। लेबर रूम में वर्षों से जमे सभी एएनएम को हटाया जाएगा।उपायुक्त गुरुवार को विधायक मथुरा प्रसाद महतो और डीडीसी सन्नी राज के साथ टुंडी भ्रमण पर थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नवजात की मौत के लिए जिम्मेदार डॉक्टरों को शो-कॉज किया गया है। जवाब के आधार पर कार्रवाई होगी।

डीसी बोले – किसी को नहीं बख्शा जाएगा

उपायुक्त ने कहा, सरकारी प्रक्रिया में थोड़ा समय लगता है, लेकिन कार्रवाई ठोस होती है। प्रशासन को थोड़ा समय देना चाहिए। नवजात बच्ची की मौत के मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का निर्देश खुद मुख्यमंत्री ने दिया है।पहले हाथी प्रभावितों को बांटे टॉर्च-मशाल, फिर किया अस्पताल का निरीक्षणभ्रमण के दौरान सबसे पहले उपायुक्त वन विभाग टुंडी के कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने टुंडी के विभिन्न पंचायत के मुखियों को हाथियों से लोगों की जान बचाने व हाथियों को भगाने के लिए मशाल, टॉर्च व अन्य उपकरण वितरित किए।इसके बाद उन्होंने प्रखंड मुख्यालय स्थित अतिरिक्त स्वास्थ्य उप केंद्र का भ्रमण किया। वहां अस्पताल व क्वार्टर का बारीकी से निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि इसका भवन बेहतर स्थिति में है। इस कारण इसका उपयोग कैसे जनहित में हो, इस पर मंथन किया जाएगा।इसके बाद उपायुक्त ने टुंडी व पूर्वी टुंडी की सीमा पर स्थित चुरूररियाटांड़ सब स्टेशन निर्माण को लेकर विवादित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विवाद का समाधान किया जाएगा। निर्माण भी होगा और किसी की धार्मिक आस्था पर चोट भी नहीं पहुंचाई जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top