टुंडी में इंसानियत शर्मसार : छह साल की मासूम से दरिंदगी, हालत गंभीर, आरोपी युवक हिरासत में

टुंडी में इंसानियत शर्मसार : छह साल की मासूम से दरिंदगी, हालत गंभीर, आरोपी युवक हिरासत में

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी थाना अंतर्गत बेगनरिया पंचायत के एक गांव में गुरुवार दोपहर एक बेहद शर्मनाक और जघन्य घटना सामने आई है। 28 वर्षीय राजेश सोरेन पर पड़ोस की छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोपी खुद तीन बच्चों का पिता बताया जाता है।

बताया जाता है कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे बच्ची खेलते हुए आरोपी के घर पहुंच गई थी। आरोप है कि युवक उसे बहला कर घर के पीछे के कमरे में ले गया और उसके साथ गलत हरकत की। इसी दौरान घर के पिछवाड़े में काम कर रही एक महिला को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो आरोपी दरवाजा खोलकर भागने लगा। बच्ची रोते हुए बाहर निकली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने स्थानीय चौकीदार के माध्यम से टुंडी थाने को सूचना दी। परिजन बच्ची को लेकर एसएनएमएमसीएच धनबाद पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही टुंडी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। इस संबंध में पूछे जाने पर टुंडी थानेदार राम जी राय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर गुस्सा और दुख है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

देवभूमि झारखंड न्यूज संदेश

बच्चों की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। अगर कहीं भी किसी बच्चे के साथ गलत हो रहा हो तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस को सूचना दें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top