मथुरा ने टुंडी में किया परिसंपत्तियों व साइकिलों का वितरण

मथुरा ने टुंडी में किया परिसंपत्तियों व साइकिलों का वितरण

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस और वर्तमान राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्यभर में 15 नवंबर से 28 नवंबर तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ (स्वच्छता के लिए दौड़) के साथ हुई थी।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के इसी कड़ी में टुंडी प्रखंड मुख्यालय के सभागार में कृषि विभाग द्वारा जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘खेत बचाओ कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो शामिल हुए।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने रासायनिक खादों के दुष्प्रभावों से मिट्टी की उर्वरता को बचाने और जैविक कृषि अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम के उपरांत विधायक द्वारा प्रखंड के ग्रामीण लाभुकों एवं कृषकों के बीच विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण किया गया

कृषि विभाग : किसानों को रबी फसल की बेहतर पैदावार के लिए गेहूँ एवं सरसों के उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए गए।

कल्याण विभाग : स्कूली छात्र-छात्राओं के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सांकेतिक रूप से साइकिलों का वितरण किया गया। दूसरी ओर, प्रखंड में 15 से 21 नवंबर तक ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ भी मनाया जा रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर ‘अबुआ आवास योजना’ के कई योग्य लाभुकों को विधिवत गृह प्रवेश कराया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय, कृषि एवं कल्याण विभाग के पदाधिकारी, प्रखंड कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण व किसान उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top