देशव्यापी जेल भरो अभियान की सफलता को लेकर निकाली जनजागरण पदयात्रा
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, संयुक्त किसान मोर्चा तथा स्वतंत्र फेडरेशनों एवं यूनियनों के संयुक्त मंच के आह्वान पर आगामी 10 अगस्त को विरोध प्रदर्शन एवं देशव्यापी जेल भरो अभियान प्रस्तावित है। इसकी तैयारी को लेकर शुक्रवार को झारखंड कोलियरी मज़दूर यूनियन एवं सेंट्रल ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन जिला कमेटी धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में कतरास एवं पंचगढ़ी बाजार क्षेत्र में जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में झारखंड कोलियरी मज़दूर यूनियन (बीसीसीएल) के जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू शामिल हुए।
पदयात्रा में अर्जुन मुखिया, कंचन महतो, रौनक सिन्हा, रियाजदीन अंसारी, उमेश ऋषी, ऋतिक सिंह, पंकज दिनकर, मन्नू चौहान, मिन्हाज अंसारी, परवेज आलम आदि सैकड़ों की संख्या में श्रमिक, मजदूर, किसान, छात्र, बुद्धिजीवी एवं आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में बैनर और झंडे लिए सभी ने मजदूर-किसान एकता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के पक्ष में नारे लगाए तथा आम जनता से 10 अगस्त को होने वाले देशव्यापी विरोध प्रदर्शन एवं जेल भरो अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर रतिलाल टुडू ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों, संविधान और संघीय ढांचे पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी, श्रमिकों के अधिकारों के हनन तथा कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देने जैसे मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दमनकारी कानूनों के माध्यम से विरोध और हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित किया जा रहा है, जबकि गरीबों, वंचितों, किसानों, मजदूरों एवं प्रवासी श्रमिकों के नागरिक और मतदान संबंधी अधिकारों के प्रयोग में भी लगातार बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।
सीटू मजदूर नेता राजेन्द्र प्रसाद राजा ने कहा कि संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा मेहनतकश जनता की आवाज़ बुलंद करने के लिए सभी वर्गों का एकजुट होना समय की आवश्यकता है।
पदयात्रा के माध्यम से लोगों से आह्वान किया कि वे 10 अगस्त 2026 को आयोजित विशाल विरोध प्रदर्शन एवं देशव्यापी जेल भरो अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर लोकतंत्र, संविधान और जनहित की रक्षा के इस आंदोलन को सफल बनाएं।
पदयात्रा के दौरान विभिन्न चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में लोगों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया गया तथा जनसमर्थन प्राप्त करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम का समापन मजदूर-किसान एकता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।