चिराग पासवान से मिले रामनंदन पासवान, झरिया कोयलांचल की समस्याओं को उठाया
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : धनबाद महानगर जिला के पूर्व अध्यक्ष रामनंदन पासवान ने गुरुवार को लोजपा सुप्रीमो सह केंद्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान से दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झरिया कोयलांचल की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
रामनंदन पासवान ने पूरे बीसीसीएल क्षेत्र, खासकर लोदना क्षेत्र में हो रही कोयला चोरी, विस्थापन और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने लोदना क्षेत्र के कांटा घर में कंपनी द्वारा बसाए गए लोगों को भुगतान किए बिना घर तोड़े जाने के मामले को भी प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने जयरामपुर के पीओ प्रबंधक, धौड़ा बाबू सहित एक माइनिंग सरदार के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोयला मंत्री से बात करने का आश्वासन दिया।