छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ आइसा ने विश्वविद्यालय में दिया धरना 

छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ आइसा ने विश्वविद्यालय में दिया धरना 

डीजे न्यूज, धनबाद:
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक तालाबंदी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय में व्याप्त प्रशासनिक लापरवाही एवं छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन के बाद कुलपति द्वारा आइसा के 11 सूत्री मांग-पत्र पर लिखित जवाब सौंपा गया, जिसमें अधिकांश मांगों पर कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ होने एवं शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर आइसा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह धनबाद जिला प्रभारी जयजीत मुखर्जी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिखित रूप से स्वीकार किया है कि लॉ कॉलेज, धनबाद में शैक्षणिक सत्र 2027 से एलएलएम (LL.M.) की पढ़ाई प्रारंभ करने हेतु प्रस्ताव निर्धारित प्रक्रिया के तहत उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, रांची को भेजा जाएगा। साथ ही केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना की प्रक्रिया जारी रहने तथा कॉमरेड ए. के. राय के नाम पर केंद्रीय पुस्तकालय का नामकरण करने संबंधी प्रस्ताव भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार को भेजे जाने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यह छात्रों के संघर्ष की पहली जीत है, लेकिन आइसा केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होगी। जब तक इन सभी बिंदुओं पर धरातल पर कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक संगठन लगातार निगरानी करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आंदोलन करेगा।
आइसा के सह सचिव रितेश मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिखित रूप से यह भी बताया है कि छात्रसंघ चुनाव सरकार द्वारा नियमावली (Statute) जारी होने के बाद कराया जाएगा, केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना की प्रक्रिया जारी है, क्लस्टर सिस्टम से संबंधित सुझाव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को भेजे जा चुके हैं, फीस रिफंड संबंधी प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है, छात्रों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने हेतु नगर आयुक्त, धनबाद को अनुरोध भेजा गया है, पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं, सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है तथा छात्रों के लिए प्रतीक्षा कक्ष (Waiting Room) की व्यवस्था तत्काल करने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आइसा इन सभी बिंदुओं के क्रियान्वयन पर लगातार नज़र रखेगी और यदि विश्वविद्यालय प्रशासन अपने लिखित आश्वासन को समयबद्ध तरीके से लागू नहीं करता है तो संगठन चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
कार्यक्रम में आइसा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह धनबाद जिला प्रभारी जयजीत मुखर्जी, सह सचिव रितेश मिश्रा, स्नेहा महतो, विश्वविद्यालय प्रभारी दीपक महतो, अतफ इमाम, पल्लवी रोशन, अभिषेक सिंह, सोहराब अंसारी, आदित्य राउत, कन्हैया कुमार, सना, रिशु, चेतन, संजय, वीरेन सहित अन्य छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top