छात्र हित में कैबिनेट के फैसलों पर कांग्रेस नेताओं ने सीएम का जताया आभार
डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कांग्रेस के मंत्री और विधायकों ने मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने 17 अगस्त को झारखंड मंत्रालय में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में छात्र एवं अभ्यर्थियों के हित में लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार का निर्णय विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर संवेदनशील है और छात्र हित को प्राथमिकता देते हुए निर्णय ले रही है।
मुलाकात के दौरान नेताओं ने TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के सरकार के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रभावित विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी तथा उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता दूर होगी। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार की छात्र हितैषी पहल की सराहना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है और आगे भी लेती रहेगी।
बैठक के दौरान राज्य में संचालित विकास योजनाओं, जनहित के मुद्दों और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
मौके पर मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन विक्सल कोनगाड़ी, भूषण बाड़ा, ममता देवी सहित अन्य मंत्री एवं विधायक मौजूद रहे।