छाताबाद में पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो का विरोध, बैरंग लौटे
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में मंगलवार को हुई भू धंसान की घटना से स्थानीय लोगों में उबाल है। प्रभावित मोहल्ले के लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब बुधवार को पूर्व मंत्री सह कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो भू धंसान स्थल का जायजा लेने छाताबाद पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें खरी खोटी सुनाते हुए कहा कि घटना के दिन आप कहां थे। पूर्व मंत्री ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनीं। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए उन्होंने वापस जाना ही बेहतर समझा। मालूम हो कि भू धंसान की घटना में तालाब का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया था। कई घरों में दरारें पड़ी थी। जानमाल की सुरक्षा को लेकर लोगों को अपने घरों से भागना पड़ा था। इस घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर यातायात अवरुद्ध कर दिया था। मंगलवार देर रात वार्ता के बाद जाम हटाया गया था।