चास–जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक होगा फ्लाईओवर निर्माण

चास–जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक होगा फ्लाईओवर निर्माण

डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो द्वारा बोकारो विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण को लेकर किए गए प्रयासों के संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में बताया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-32 के चास खंड में यातायात एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा मामले की जांच की गई है। इस क्षेत्र में वाहनों के सुगम आवागमन और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।

पत्र के अनुसार, संबंधित खंड में व्हीकुलर अंडरपास (VUP) अथवा फ्लाईओवर के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) और व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने का कार्य परामर्शदाता के माध्यम से किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रस्तावित निर्माण की संरचनात्मक व्यवहार्यता और यातायात संबंधी आवश्यकताओं का विस्तृत मूल्यांकन भी किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी जानकारी दी है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने और सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

सांसद ढुलू महतो ने इस संबंध में कहा कि क्षेत्र में यातायात की समस्या का समाधान और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। चास–जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही प्रक्रिया से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रयास जारी रहेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top