बरवाअड्डा में स्कूल वैन, कंटेनर और टाटा मैजिक में टक्कर, महिला समेत चार जख्मी स्कूली बच्चे सुरक्षित, रॉन्ग साइड चलने से हुआ हादसा

बरवाअड्डा में स्कूल वैन, कंटेनर और टाटा मैजिक में टक्कर, महिला समेत चार जख्मी

स्कूली बच्चे सुरक्षित, रॉन्ग साइड चलने से हुआ हादसा

डीजे न्यूज, धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित कल्याणपुर नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से वाहन चलाने के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्कूल वैन, कंटेनर और टाटा मैजिक की आमने-सामने और पीछे से हुई टक्कर में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि स्कूल वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना मंगलवार को उस समय हुई जब एक स्कूल वैन बच्चों को छोड़ने के लिए रॉन्ग साइड से जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल वैन के चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं स्कूल वैन के पीछे चल रही टाटा मैजिक भी अनियंत्रित होकर वैन से जा टकराई। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टाटा मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर फंस गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला। पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में स्कूल वैन में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
दुर्घटना की वजह स्कूल वैन का रॉन्ग साइड चलना बताया जा रहा है। हालांकि, घायल स्कूल वैन चालक कंटेनर चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बता रहा है। फिलहाल बरवाअड्डा थाना पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top