गिरिडीह ने दी दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि,दिशोम गुरु के नाम समर्पित हुआ गिरिडीह का प्रमुख चौक
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को गिरिडीह में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गिरिडीह बस स्टैंड स्थित चौक का नामकरण “पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक” किया गया। चौक का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि दिशोम गुरु का कार्यकर्ताओं से आत्मीय और व्यक्तिगत रिश्ता था। उनके विचार और संघर्ष आज भी झारखंड के लोगों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि गुरुजी को भुलाया नहीं जा सकता। यह कहते हुए वे भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड अलग राज्य के निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया और हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की बात की। उन्होंने शिक्षा, अधिकार और सम्मान आधारित समाज का सपना देखा था।
पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार दिशोम गुरु के सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। सभा में वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के आंदोलन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
चौक के उद्घाटन के बाद मंत्री सहित सभी अतिथियों ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान पूरा बस स्टैंड परिसर “दिशोम गुरु अमर रहें” और “शिबू सोरेन अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूआ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और झामुमो के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।