बूढ़ा बाबा शिव मंदिर के कायाकल्प को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
कतरास के झींझीपहाड़ी में अवस्थित नौवीं सदी की प्राचीन एवं ऐतिहासिक धरोहर बूढ़ा बाबा शिव मंदिर के समग्र पर्यटकीय विकास की दिशा में मंदिर सेवा ट्रस्ट ने पहल की है। इस स्थल को झारखंड सरकार द्वारा पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित किया जा चुका है और यह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (A.S.I.) द्वारा प्रमाणित है। मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार और वहां नागरिक सुविधाएं बहाल करने के उद्देश्य से ट्रस्ट का प्रतिनिधिमंडल टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो से मुलाकात की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में ट्रस्ट के अध्यक्ष लखन प्रसाद महतो, सचिव विशाल कुमार महतो, उपाध्यक्ष शंकर महतो तथा मेजर सुजीत कुमार पांडेय उपस्थित रहे।
ज्ञापन में मंदिर परिसर की मौजूदा भूमि सीमाओं पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए अवगत कराया गया कि वर्तमान में मंदिर प्रांगण महज सात डिसमिल सरकारी भूमि पर स्थित है, जबकि मुख्य मार्ग के सामने की बारह डिसमिल भूमि पर विभिन्न देवी-देवताओं का मड़पास्थान स्थापित है। हालांकि जिला पर्यटन संवर्धन समिति ने बाघमारा अंचलाधिकारी को करीब नौ एकड़ भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन यह प्रक्रिया अब तक अधर में लटकी हुई है। ट्रस्ट ने विधायक के समक्ष मांग रखी है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां वाहन पड़ाव, सुलभ शौचालय, अतिथि गृह, विवाह मंडप, यज्ञ मंडप और विश्राम गृह का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र के दो सरकारी तालाबों की घाटबंदी करने तथा कमलिया तालाब को इसमें मिलाकर एक वृहद जल भंडारण केंद्र विकसित करने की योजना है, जिससे बोटिंग सेंटर और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिले। इससे न केवल इस पौराणिक धरोहर का संरक्षण होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि वे इस विषय को शासन और प्रशासन के समक्ष पूरी प्रमुखता से उठाएंगे।