बलियापुर की खबरें:-

बलियापुर की खबरें:-

स्कूली बच्चों संग मनाया स्थापना दिवस

डीजे न्यूज, बलियापुर: सीआरपीएफ 154 वाहिनी प्रधानखंटा ने बुधवार को अपना 28 वां स्थापना दिवस स्कूली बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रधानखंटा में छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।  सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास, त्याग ,समर्पण और बलिदान को बच्चों के मानस पटल पर रखने का प्रयास किया गया। इस दौरान प्रतिभागी स्कूली बच्चों ने देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन आदि विषयों पर सुंदर चित्र उकेरे। वहीं प्रश्नोत्तरी में भी स्कूली बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वाहिनी के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ की गौरव गाथा के बारे में बताया। उन्होंने अनुशासन और मेहनत से पढ़ाई कर देश के भविष्य निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। मौके पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिवंश सिंह, वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी अभिनव आनंद के अलावा वाहिनी के अन्य पदाधिकारी एवं जवान थे।
—————————————–
बीसीसीएल की टीम ने सुरुंगा का किया दौरा
बलियापुर: प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी द्वारा बीसीसीएल के लोदना एरिया 10 के महाप्रबंधक को सुरुंगा पंचायत में तालाब जीर्णोद्धार की मांग किए जाने के बाद बुधवार को प्रबंधन की टीम सुरूंगा के  लेवाटांड़ स्थित तालाब का निरीक्षण करने पहुंची। टीम के सदस्यों ने इस दौरान तालाब के जीर्णोद्धार हेतु स्थल का भौतिक सत्यापन किया। टीम में इंजीनियर विजय प्रताप एवं एक अन्य पदाधिकारी थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top