बकायेदारों पर कसेगा शिकंजा, होल्डिंग टैक्स और वाटर यूजर चार्ज वसूली को निगम चलाएगा विशेष अभियान
10 अक्टूबर तक जमा करें शुल्क
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर निगम क्षेत्र में राजस्व वसूली को गति देने के लिए नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा ने अधिकारियों और कलेक्टिंग एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि वार्डवार राजस्व वसूली की नियमित समीक्षा की जाए और बकायेदारों से नियमानुसार लंबित राशि की वसूली सुनिश्चित हो। उन्होंने कलेक्टिंग एजेंसी को वसूली कार्य में तेजी लाने के साथ पारदर्शिता बनाए रखने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय के प्रमुख स्रोतों से समय पर राजस्व प्राप्त होना शहर में नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन और विकास कार्यों के लिए आवश्यक है। इसलिए वसूली कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
10 अक्टूबर तक किराया जमा करने की अपील
नगर आयुक्त ने सभी होल्डिंगधारियों से निर्धारित समय पर होल्डिंग टैक्स जमा करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से बकाया कर लंबित नहीं रखने और समय पर भुगतान करने का आग्रह किया।
वहीं, नगर निगम क्षेत्र के दुकानदारों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से दुकानों के बकाया किराए की राशि 10 अक्टूबर 2026 से पहले जमा करने की अपील की गई। निगम प्रशासन ने कहा कि समय पर बकाया राशि जमा करने से राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग मिलेगा। बैठक में संबंधित पदाधिकारी, नगर निगम कर्मी और कलेक्टिंग एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।