बलियापुर की खबरें:-
सीधाटांड़ की समस्याओं से अवगत हुए विधायक, समाधान का दिया आश्वासन
बलियापुर: विधायक चंद्रदेव महतो गुरुवार को सिंदूरपुर पंचायत के सीधाटांड़ पहुंचे। उन्होंने गांव की समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने यहां आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूल की व्यवस्था नहीं होने के बाबत विधायक को अवगत कराया। साथ ही गांव तक जाने के लिए पक्की सड़क की समस्या से भी अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे एक किलोमीटर दूर कोड़ाहीड़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा डेढ़ किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय सिंदूरपुर पढ़ने को जाते हैं। आंगनबाड़ी केंद्र एवं स्कूल जाने के लिए कोई सड़क नहीं होने के कारण बच्चों को खेतों के मेंड़ एवं पगडंडी होकर जाना पड़ता है। बरसात के दिनों में बच्चों को स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र आने-जाने के लिए काफी दिक्कतें होती है। गांव में एकमात्र चापाकल है, जिससे लोग अपना प्यास बुझाते हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद विधायक ने दूर करने का आश्वासन दिया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि देवाशीष पांडे समेत काफी संख्या में ग्रामीण थे।
————————————————–
स्कूलों में चला स्वच्छता अभियान
बलियापुर: प्राथमिक विद्यालय खरिकाबाद एवं डिबुडीह प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान उप प्रमुख आशा देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने स्कूल परिसर की साफ सफाई की गई। लोगों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए हर व्यक्ति को साफ सफाई एवं स्वच्छ रहने की अपील की गई। मौके पर घड़बड़ पंचायत की मुखिया मिठू सरखेल, पूर्व मुखिया दिनेश सरखेल आदि थे।
—————————————————
स्थलीय जांच कर समस्याओं को दूर करने का निर्देश
बलियापुर: राजकीय बुनियादी उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय परसबनिया की समस्याओं को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने संज्ञान में लिया है। विभाग की उपनिदेशक नीलम आईलीन टोप्पो ने धनबाद की जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखकर परसबनिया स्कूल की समस्याओं से अवगत कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि उक्त विद्यालय में शिक्षकों की घोर कमी तथा शिक्षकों का पद सृजन नहीं होने की बातें कहीं गई है। जिस पर डीएसई को स्थलीय जांच कर इसे धनबाद के उपायुक्त को अवगत कराने का निर्देश दिया है।
मालूम हो कि विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सपन कुमार महतो ने स्कूल की समस्याओं से शिक्षा विभाग को अवगत कराया था। इसी के आलोक में विभाग ने उक्त कदम उठाया है।
————————————————
सामाजिक कार्यकर्ता को पत्नीशोक
बलियापुर: भिखराजपुर के सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अकरम की पत्नी 43 वर्षीय आसमा बीवी का गुरुवार को निधन हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने अपने पति के साथ-साथ तीन पुत्री एवं दो पुत्र छोड़कर गई है। उनके निधन पर विधायक चंद्रदेव महतो, मुखिया दिलीप कुमार महतो, सदर मुश्ताक आलम, अधिवक्ता मोहम्मद शमी आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
————————————————
ग्राम सभा के क्रियाकलापों से अवगत हुए बच्चे
बलियापुर: पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय डांगेपाड़ा में गुरुवार को आर्दश युवा ग्राम सभा (एमवाईजीएस) के तहत छात्र-छात्राओं द्वारा नाट्य मंचन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ग्राम सभा के क्रियाकलापों से अवगत कराना है। कार्यक्रम में कक्षा आठवीं से दसवीं के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें सोनाक्षी कुमारी, सुमन कुमारी, वर्षा कुमारी, संदीप महतो, खुशी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, देव स्वर्णकार, सौरभ कुमार आदि शामिल थे। मौके पर बीपीओ हरि गोपाल प्रसाद, संजीव कुमार महतो, उपेंद्र गुप्ता, मंटू मोहन रवानी, राजेंन मंडल, चंदन सिंह, मो कलीम, कुमारी ममता आदि थे।
—————————————————
ट्रांसफॉर्मर लगाने के साथ ही किया ब्लास्ट
बलियापुर: सीधाटांड़ बस्ती का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से गांव में तीन दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। विधायक चंद्रदेव महतो के पहल पर बुधवार को विभाग की ओर से नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया गया था। ट्रांसफार्मर लगने के साथ ही वह भी ब्लास्ट कर गया। पूछे जाने पर विद्युत विभाग के कर्मियों ने बताया कि गुरुवार की शाम तक गांव में फिर नया ट्रांसफार्मर आ जाएगा। इसके बाद गांव में विद्युतपूर्ति बहाल हो जाने की बातें कही गई।
—————————————————–
बच्चों ने रैली निकाल शिक्षा के महत्व से कराया अवगत
बलियापुर: प्रजन्य बीएड कॉलेज पहाड़पुर की ओर से गुरुवार को सामूहिक साक्षरता सर्वेक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। अलग-अलग समुह में छात्र-छात्राओं ने पहाड़पुर एवं आमझर गांव के विभिन्न टोलों में साक्षरता को लेकर सर्वेक्षण किया और जनमानस के बीच शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया। कॉलेज की सचिव भाजपा नेत्री तारा देवी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय पहाड़पुर के बच्चों के बीच कलम, पेंसिल कापी आदि पाठ्य सामग्रियों का वितरण किया। मौके पर प्राचार्य डॉक्टर सजल बनर्जी के अलावा कॉलेज के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद थे।
————————————————–
आदिवासी सांस्कृतिक एवं संरक्षण कमेटी की बैठक
बलियापुर: आदिवासी सांस्कृतिक एवं संरक्षण कमेटी की बैठक गुरुवार को बलियापुर प्लस टू हाई स्कूल मैदान में संपन्न हुई। बैठक में आदिवासी संस्कृति एवं परंपरा के संरक्षण के लिए दुर्गा पूजा के मौके पर 17 अक्टूबर को बलियापुर प्लस टू हाई स्कूल मैदान में दशांई पर्व आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए क्षेत्र के प्रबुद्ध आदिवासी लोगों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिवक्ता सोहन सोरेन, दशरथ किस्कू, देवनारायण सोरेन, देवीलाल मुर्मू, रविश्वर मरांडी, राजेंद्र हेंब्रम, ईश्वर मरांडी, उदय सोरेन, रवींद्र हांसदा आदि मौजूद थे।
————————————————
मूलभूत सुविधाएं दें, नहीं तो आंदोलन करेंगे: चंद्रदेव महतो
बलियापुर: बेलगड़िया टाउनशिप स्थित फेस दो में गुरुवार की शाम सभा का आयोजन सीमा देवी की अध्यक्षता में हुई। मौके पर उपस्थित विधायक चंद्रदेव महतो ने कॉलोनीवासियो की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि विस्थापित लोगों को बेलगड़िया में बसाने के बाद बीसीसीएल एवं जरेडा प्रबंधन सुविधा के नाम पर सिर्फ छल कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने बीसीसीएल प्रबंधन एवं जरेडा को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया तो जोरदार आंदोलन करेंगे। मौके पर भाकपा माले नेता आनंदमई पाल, शीतल दत्त, सुरेश भुईया, राजेश बरूवा, बबलू बाउरी, बबीता देवी, चंदन पासवान, मुकेश मंडल, प्राण बाउरी आदि थे।