ईश्वर का स्मरण करने से मन होता है पवित्र: कथावाचिका
श्रीकृष्ण कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
गंगा गौशाला कतरास करकेंद में चल रहे वार्षिक अधिवेशन सह गोपाष्टमी महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को संगीतमय श्रीकृष्ण कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा वाचिका देवी चित्रलेखा ने गुरु-शिष्य परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण करने से मन पवित्र होता है। अपवित्र मन को शुद्ध करने के लिए भगवान का स्मरण आवश्यक है। जीवन की दिनचर्या में ईश्वर का स्मरण अवश्य शामिल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सच्चे सद्गुरु का मिलना भगवान की विशेष कृपा का संकेत है। जब जीवन में सद्गुरु का आगमन होता है, तो समझ लेना चाहिए कि प्रभु स्वयं जीवन का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। सद्गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करते हैं।
कथा के दौरान भजनों और संगीतमय प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
मौके पर गौशाला के अध्यक्ष अनीश डोकानियां, महासचिव महेश अग्रवाल, सचिव दीपक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डीएन चौधरी, बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, डॉ. वीएन चौधरी, उषा चौधरी, प्रदीप खेमका, सुनीता खेमका, किरण गोयनका, शंभूनाथ अग्रवाल, ललित सांवरिया, सुभाष गोयल, महेश बजानिया, मनोज खेमका, अरुण तुलस्यान, अरुण चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।