बिजली काटने के विरोध में आंदोलन की तैयारी में जुटे मंडल केंदुआडीह के ग्रामीण
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के द्वारा बरोरा पंचायत के मंडल केंदुआडीह में बिजली संयोग विच्छेद किए जाने से एक सप्ताह से ग्रामीण अंधेरे रहने को विवश हैं। इस भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीसीसीएल प्रबंधन की इस अनदेखी रवैया के खिलाफ ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने की तैयारी में जुट गए हैं। गुरुवार को प्रभावित ग्रामीणों ने पत्रकारों को बताया कि बीसीसीएल के एएमपी कोलियरी प्रबंधन द्वारा जबरन घरों को खाली करने का दबाव डाला जा रहा है। इसका विरोध करने पर गांव का बिजली काट दिया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से गांव में बिजली बहाल करने और नियोजन मुआवजा के साथ विस्थापन कराने की मांग की है। अन्यथा चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी गई है। मौके पर एच एन प्रसाद गांधी, बाबू गोप, डोली चौहान, मधु दास, बलराम रविदास, बीरू चौधन, महेन्द्र गोप, जय प्रकाश यादव, संजय रविदास, पवन मालाकार, कंचन देवी, मुनिया देवी, सावित्री देवी, देवन्ती देवी, ऊषा देवी सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।