सिंदरी में लगा रोजगार-सह- ऋण मेला, 109 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
डीजे न्यूज, झरिया (धनबाद): श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में नियोजनालय सिंदरी, धनबाद में एकदिवसीय रोजगार-सह-ऋण मेला का आयोजन किया गया।
इस मेला में कुल 17 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। मेले में कुल 109 अभ्यर्थियों को चयनित कर सुनहरा अवसर प्रदान किया गया। जिससे वे अपने कैरियर को एक नई दिशा प्रदान कर सकें। रोजगार तलाश रहे उम्मीदवारों के लिए नियोजनालय सिंदरी एक नई दिशा दिखा रही है, जिसमें अलग-अलग योग्यताधारी रोजगार मेला के जरिए रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।
साथ ही रोजगार-सह-ऋण मेला में अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय द्वारा बैंक ऑफ़ इंडिया , स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया और एचडीएफसी बैंक का स्टॉल लगाया गया। इस स्टॉल के माध्यम से बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी उपस्थित युवाओं, अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों को प्रदान की गई। जिसमे गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, शिक्षा ऋण (Education Loan), विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाएं। वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) से संबंधित उत्पाद एवं सेवाएं तथा बैंक की अन्य जनकल्याणकारी एवं वित्तीय सहायता योजनाएं के बारे मे जानकारी दी गई |
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नियोजन पदाधिकारी, सिंदरी, पदमा कुमारी के द्वारा बताया गया कि नियोजनालय सिंदरी, धनबाद द्वारा समय-समय पर रोजगार मेला एवं भर्ती कैम्प का आयोजन कर निबंधित बेरोजगार युवक/युवतियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं ,रोजगार के अवसर से जुड़ने हेतु स्थानीय उम्मीदवार रोजगार पोर्टल https://jharniyojan.jharkhand.gov.in में अपना निबंधन स्वयं अथवा नियोजनालय सिंदरी, धनबाद में उपस्थित होकर कर सकते है।
मौके पर पदमा कुमारी, अरविंद कुमार राकेश, संजय कुमार साव, प्रशान्त गोयल, विवेक कुमार साव एवं कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहें।