एसएसएलएनटी सीएम एसओई में 50 बेड क्षमता वाले पिछड़ी जाति बालिका छात्रावास का शुभारंभ, डीसी ने किया उदघाटन
गंदगी व उगी झाड़ियों को देख उपायुक्त सख्त, प्राचार्य को लगाई कड़ी फटकार
कार्यशैली में लापरवाही पर सभी शिक्षकों का वेतन रोकने का आदेश, सुधार न होने पर सुदूर प्रखंडों में तबादले की चेतावनी
बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित करने व सफाई के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन ने गुरुवार को बैंक मोड़, टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित एसएसएलएनटी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर में कल्याण विभाग, झारखंड सरकार द्वारा निर्मित 50 बेड क्षमता वाले पिछड़ी जाति बालिका छात्रावास का फीता काट कर उद्घाटन किया।
पिछड़ी जाति की छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर आवासीय वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से निर्मित इस छात्रावास में रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे छात्राएं बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा जारी रख सकें। उद्घाटन के पश्चात उपायुक्त ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और इसे सदैव सुव्यवस्थित व सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। जिले की इच्छुक पिछड़ी जाति की छात्राएं इस छात्रावास में नामांकन एवं आवासीय सुविधा के लिए जिला कल्याण कार्यालय, धनबाद से संपर्क कर सकती हैं।
छात्रावास के उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने पूरे विद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में चारों ओर गंदगी, साफ-सफाई का घोर अभाव और जगह-जगह उगी जंगली झाड़ियां देख उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। अव्यवस्था के कारण छात्राओं के खेलने के लिए भी कोई समुचित स्थान उपलब्ध नहीं था।
विद्यालय के रखरखाव में बरती जा रही इस घोर लापरवाही पर उपायुक्त ने प्राचार्य को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस तरह की बदहाली और उदासीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने पर कड़ा एक्शन लेते हुए उपायुक्त ने विद्यालय के सभी शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन की सामूहिक जिम्मेदारी सभी शिक्षकों की है। यदि निर्धारित समय में व्यवस्थाओं और शिक्षकों की कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो सभी लापरवाह शिक्षकों को जिले के अलग-अलग सुदूर प्रखंडों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने प्राचार्य एवं संबंधित पदाधिकारियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिया है कि तत्काल प्रभाव से पूरे परिसर की जंगली झाड़ियों को साफ कर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर बच्चों के लिए खेल का मैदान विकसित करने का कार्य हर हाल में प्रारंभ करें, ताकि छात्राओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।