बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ भाजपा ने जामताड़ा बिजली कार्यालय का किया घेराव

Advertisements

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ भाजपा ने जामताड़ा बिजली कार्यालय का किया घेराव

डीजे न्यूज, जामताड़ा : झारखंडवासियों के सम्मान और हक की लड़ाई को लेकर भाजपा ने एक बार फिर आंदोलन का रुख अपनाया है। बिजली दर में लगातार वृद्धि, बिजली कटौती और पोस्टपेड स्मार्ट मीटर में कथित मनमानी बिलिंग के विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में जामताड़ा विद्युत कार्यालय का घेराव किया गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि पूरा झारखंड बिजली समस्या से जूझ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में विद्युत कार्यालयों का घेराव किया जा रहा है, इसी क्रम में जामताड़ा में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उन्होंने कहा कि आम लोगों से लगातार शिकायत मिल रही है कि मामूली उपयोग के बावजूद बिजली बिल काफी अधिक आ रहा है। कई घरों में सिर्फ दो बल्ब जलने के बावजूद हजारों रुपये का बिल भेजा जा रहा है, जिसका मुख्य कारण स्मार्ट मीटर बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी कर्मचारी अपने आवास और कार्यालयों में स्मार्ट मीटर का उपयोग नहीं कर रहे हैं, तो आम लोगों पर इसे क्यों थोपा जा रहा है।

सुमित शरण ने कहा कि गर्मी की शुरुआत होते ही बिजली कटौती बढ़ गई है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फ्रिज नहीं चल पाने से दवाइयों के रख-रखाव में भी दिक्कत आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से औसतन चार गुना तक अधिक बिजली बिल आ रहा है। कई मामलों में महीनों तक बिल नहीं आता और फिर एकमुश्त भारी-भरकम बिल थमा दिया जाता है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।

उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले कोयला, बालू और जमीन में भ्रष्टाचार होता था, अब घर-घर में बिजली बिल के नाम पर उगाही की जा रही है। इसी जनभावना को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने यह घेराव कार्यक्रम किया और मुख्यमंत्री के नाम अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने दिया।

मौके पर मुख्य रूप से भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री कमलेश मंडल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता तरुण गुप्ता, कमल गुप्ता, सुनील हांसदा, विनोद मंडल, विष्णु मंडल, मुरारी भूषण सिंह, महेंद्र मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल तथा सुजाता सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या तथा प्रसंजीत घोष, मितेश शाह, कोषाध्यक्ष चंदन राउत, कार्यालय मंत्री रमेश पंडित, सह कार्यालय मंत्री पिंटू गुप्ता, ठाकुरमनी सिंह, अमित सिंह, किंकर पंडित, गीता देवी, ज्योति देवी, सभी मंडल अध्यक्षों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता एवं शहरवासी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top