भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा रथ पहुंचा गिरिडीह, तीन स्थानों पर नुक्कड़ सभा करेंगे देवेंद्र नाथ महतो
गिरिडीह। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों के आंदोलन के समर्थन में शुरू की गई ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ का रथ गुरुवार को गिरिडीह पहुंचा। यह यात्रा 24 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के गांव नेमरा से शुरू हुई है, जो राज्य के 24 जिलों का भ्रमण करेगी। गिरिडीह में यात्रा के दौरान जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो जिले के तीन स्थानों पर नुक्कड़ सभा कर छात्रों और युवाओं को संबोधित किया.
बताया गया कि झारखंड में पिछले एक महीने से छात्र जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन के बीच राज्य सरकार की ओर से करीब 40 परीक्षाओं को प्रभावित करने संबंधी निर्णय लिया गया था। हालांकि, बाद में अदालत ने राज्य सरकार के आदेश पर रोक लगाते हुए परीक्षाओं को पुनः बहाल कर दिया।
छात्रों के आंदोलन के समर्थन में देवेंद्र नाथ महतो ने ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ शुरू की है। गिरिडीह पहुंचने पर उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं के कारण झारखंड के युवा अपने हक और अधिकार के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार को राज्य की सभी भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। यदि सरकार ने भर्ती व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो जेएलकेएम की ओर से पूरे राज्य में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “सरकार झारखंड की जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा को तो बेच ही रही है, कम से कम झारखंड के छात्रों के हक की नौकरी को बाहरी लोगों के हाथों में न बेचे।” उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि झारखंड के लोगों को अपने ही राज्य में अधिकार और नौकरी के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।
गिरिडीह में नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से जेएलकेएम नेता भर्ती व्यवस्था में सुधार, स्थानीय युवाओं के हितों की रक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर लोगों को जागरूक करेंगे।