IIT-ISM में कोल इंडिया अधिकारियों के लिए CPD का दूसरा बैच शुरू, माइनिंग 4.0 और AI की ले रहे ट्रेनिंग

IIT-ISM में कोल इंडिया अधिकारियों के लिए CPD का दूसरा बैच शुरू, माइनिंग 4.0 और AI की ले रहे ट्रेनिंग

डीजे न्यूज, धनबाद : कोल इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों को माइनिंग सेक्टर में नई टेक्नोलॉजी और डिजिटल सिस्टम की जानकारी देने के लिए आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में पांच दिवसीय कंटीन्यूअस प्रोफेशनल डेवलपमेंट (सीपीडी) प्रोग्राम का दूसरा बैच चल रहा है। 12 से 16 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रोग्राम को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के टेक्समिन स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन इंटेलिजेंट माइनिंग (आईएमआईएन सीओई) की ओर से कोल इंडिया लिमिटेड के साथ हुए समझौता ज्ञापन के तहत आयोजित किया जा रहा है।

इस प्रोग्राम में कोल इंडिया और उसकी आठ सब्सिडियरी कंपनियों- एसईसीएल, सीसीएल, बीसीसीएल, डब्ल्यूसीएल, एनसीएल, एमसीएल, ईसीएल और सीएमपीडीआई के अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिकारियों को नई टेक्नोलॉजी से अपडेट करने के साथ अलग-अलग कंपनियों के बीच अनुभव और जानकारी साझा करने का अवसर देना है।

प्रोग्राम के दौरान माइनिंग 4.0, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, माइनिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल, माइन मैपिंग और मॉनिटरिंग, रिमोट सेंसिंग, एडवांस्ड ड्रिलिंग एवं ब्लास्टिंग टेक्नोलॉजी, माइन सेफ्टी, जियोटेक्निकल रिस्क असेसमेंट, क्रिटिकल मिनरल्स और सस्टेनेबल माइनिंग जैसे विषयों पर जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा माइन रीक्लेमेशन, एनवायरनमेंटल इम्पैक्ट असेसमेंट, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, मेटावर्स और होलोग्राफिक टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर भी फोकस किया जा रहा है।

प्रोग्राम में एक्सपर्ट सेशन के साथ एडवांस्ड माइनिंग टेक्नोलॉजी का प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन भी शामिल है। इसका मकसद माइनिंग ऑपरेशन को ज्यादा सुरक्षित, प्रभावी और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए नई टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top