कतरास के डॉक्टर पाड़ा में मां दुर्गा के शिला रूप की होती है आराधना
’ढाक नाच’ और सिंदूर खेला रहेगा मुख्य आकर्षण
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, डॉक्टर पाड़ा (कतरास बाजार) में इस वर्ष भी भक्तिमय एवं अनुशासित माहौल में महापूजा का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को समिति ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि वर्ष 2001 में स्थापित इस पूजा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ मिट्टी की मूर्ति स्थापित नहीं की जाती और न ही प्रतिमा की पूजा होती है। यहाँ वर्षों पुरानी सात्विक परंपरा का निर्वहन करते हुए शिला (शिला रूप) की ही विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा की परंपराओं के अनुसार यहाँ किसी जीव की बलि न देकर केवल केतारी’ (ईख/गन्ना) और ‘कोहड़ा’ (कद्दू) की बलि दी जाती है।
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा के विद्वान पंडित देवव्रत चक्रवर्ती संपूर्ण विधि-विधान से पूजन कार्य संपन्न कराएंगे।
समिति ने पूजा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 16 अक्टूबर (महाषष्ठी) को कलश स्थापना एवं संध्या में पूजन आमंत्रण-अधिवास के साथ पूजा प्रारम्भ हो जाएगा। काशीपुर (बंगाल) से आए ढाक कलाकारों द्वारा प्रसिद्ध ‘ढाक नाच’ की प्रस्तुति दी जाएगी जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। 19 अक्टूबर को खिचड़ी महाभंडारा का भव्य आयोजन किया जाएगा। 20 अक्टूबर को संध्या 07:00 बजे से विशाल ‘भक्ति जागरण’ का आयोजन किया जाएगा। एवं 21 अक्टूबर को नवपत्रिका (कलश) विसर्जन किया जाएगा। इसी दौरान माताओं और बहनों द्वारा भव्य एवं पारंपरिक ‘सिंदूर खेला’ का आयोजन होगा, जिसके साथ पूजा का समापन होगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता का ध्यान
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर में 50 प्रशिक्षित वॉलेंटियर्स तैनात रहेंगे जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। इसके अलावा संपूर्ण क्षेत्र की निगरानी के लिए सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा जा रहा है, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और दिव्य बना रहे। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को पूजा देखने और माता का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष सौरभ सेन गुप्ता,
सचिव पूर्णेंदु सेन गुप्ता,
कोषाध्यक्ष अविनाश आनंद भदानी, काजल सेनगुप्ता, अमन सिन्हा, बासु बाऊरी, अभिजीत सेनगुप्ता, प्रदीप गुप्ता, अमिताभ सेनगुप्ता, भोला शर्मा, शिबू सेनगुप्ता, सतीनाथ नियोगी, सोमेन सेन गुप्ता, उत्तम चटर्जी, साहिल पासवान, विजय बर्मन, सुरोजित सेनगुप्ता, सान सेनगुप्ता, रोहित सिन्हा, रोहित यादव, कुणाल पासवान, कृष्णा पासवान, गुड्डू मिश्रा, बंटी कुमार, अंकित सिन्हा आदि उपस्थित थे।