
भारत विकास परिषद गिरिडीह के फिर अध्यक्ष बने देवेंद्र सिंह
नई पीढ़ी में संस्कार भरने से अच्छे समाज का निर्माण होता है : रामरतन महर्षि
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत विकास परिषद गिरिडीह शाखा के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस कार्यकारिणी में देवेंद्र सिंह को एक बार फिर अध्यक्ष चुना गया है, जबकि राजेंद्र सिंह पूंछिया को सचिव और रमेश सिन्हा को कोषाध्यक्ष पद पर चयनित किया गया है।
इस अवसर पर कोडरमा से आए भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय सम्पर्क सचिव रामरतन महर्षि ने कहा कि स्वच्छ, समर्थ, संस्कारित भारत संस्था का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में संस्कार भरने से अच्छे समाज का निर्माण होता है। उन्होंने आगे कहा कि भारत विकास परिषद ने विकलांगता पर बहुत काम किया है। भारत विकास परिषद के कई हॉस्पिटल हैं, जहां सेवा भावना से इलाज किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत को जानो प्रतियोगिता के माध्यम से जब बच्चे भारत के बारे में जानते हैं तो गौरव महसूस होता है। नए अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि नए जोश के साथ गिरिडीह शाखा को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर सब सेवा करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने सभी सदस्यों से सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ विकास लाल, कृष्णा सिन्हा, डॉ पुष्पा सिन्हा, उमेश तिवारी, अजय जैन, कुंवरजीत सिंह, स्वप्ना कुमार, सुनील मंथन शर्मा, उज्ज्वल सिंह, सावन कुमार, गुरदीप सिंह, अनिरुद्ध सिन्हा, गौतम कुमार, गौरव सिंह, स्वीटी कुमारी, राहुल सिंह सहित अन्य कई लोग उपस्थित थे। इस मौके पर नए सदस्य डॉ तारकनाथ देव, रोहित श्रीवास्तव, नितेश नंदन, भूपेंद्र सिंह को श्री महर्षि ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।