बीसीसीएल में ओबीसी एसोसिएशन की बैठक, 23 सूत्री मांगों पर बनी सहमति
लोदना रीजनल अस्पताल की ओपीडी समस्या का समाधान करने का दिया भरोसा
डीजे न्यूज, धनबाद: ओबीसी बैकवर्ड क्लास एम्पलाई वेलफेयर एसोसिएशन की केंद्रीय समिति और बीसीसीएल प्रबंधन के अधिकारियों के बीच गुरुवार को कोयला भवन के द्वितीय तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक हुई। बैठक में संगठन की ओर से रखे गए 23 सूत्री मांग पत्र पर बिंदुवार चर्चा की गई। तीन-चार मांगों को छोड़कर अधिकांश मांगों पर प्रबंधन ने सहमति जताई तथा जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक सुरेंद्र भूषण, प्रबंधक मनीष कुमार, प्रबंधक मासुक अंसारी एवं लाइजनिंग अधिकारी साहू मौजूद रहे। वहीं संगठन की ओर से प्रभारी देव कुमार वर्मा, महामंत्री भोलानाथ यादव, अशोक वर्मा, दयाराम सिंह यादव, वीरेन गोप, दिनेश कुमार, शैलेंद्र यादव, रामनाथ गोप, रामप्रवेश, गणेश सहित कोलवाशरी जोन के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान संगठन ने ओबीसी कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों को प्रबंधन के समक्ष रखा। सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा के बाद प्रबंधन ने अधिकांश बिंदुओं पर सकारात्मक रुख अपनाया। अधिकारियों ने संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शीघ्र करने का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा लोदना क्षेत्र स्थित रीजनल अस्पताल की ओपीडी से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर प्रबंधन ने जल्द प्रशासनिक आदेश जारी कर समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
संगठन ने मांगों पर प्रबंधन के सकारात्मक रुख को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए आगे भी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को संवाद के माध्यम से उठाने की बात कही।