मतदान केन्द्रों पर ‘मेगा हेल्प डेस्क कैंप’ 10 को

मतदान केन्द्रों पर ‘मेगा हेल्प डेस्क कैंप’ 10 को

डीजे न्यूज, धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के तहत आगामी 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर एक दिवसीय “मेगा हेल्प डेस्क कैंप” का आयोजन किया जाएगा।

इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं से जुड़े लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करना तथा सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सहायता प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ तथा बीएलए-2 की चौथी बैठक और ‘चुनाव पाठशाला’ का आयोजन किया जाएगा। साथ में एसआईआर-2026 के दौरान ‘नो मैपिंग’ या अन्य विसंगतियों के चलते जिन पात्र मतदाताओं को नोटिस दिया गया था और जिन्होंने अब तक कागजात जमा नहीं किए हैं, उन्हें दस्तावेज सत्यापन व प्रक्रिया पूरी करने का मार्गदर्शन दिया जाएगा। ऐसे मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जाएगी जिनके पास अपने या माता-पिता के जन्म स्थान संबंधी जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि “मेगा हेल्प डेस्क कैंप” में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे युवा जो अब तक मतदाता नहीं बने हैं, उनसे प्रपत्र-6 भरवाकर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे प्रवासी नागरिक जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, उनसे भी प्रपत्र-6 प्राप्त कर नाम दर्ज किया जाएगा। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए तथा त्रुटियों के कारण निर्गत नोटिस के निराकरण हेतु मतदाताओं से प्रपत्र-8 प्राप्त किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजरों एवं बीएलओ को इस शिविर को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का निर्देश दिया है। साथ ही आम नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे 10 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर इस मेगा हेल्प डेस्क कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top