बीबीएमकेयू में एलएलएम की पढ़ाई अगले सत्र से होगी शुरु 

बीबीएमकेयू में एलएलएम की पढ़ाई अगले सत्र से होगी शुरु

चार घंटे की तालाबंदी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और आइसा के बीच समझौता

डीजे न्यूज, धनबाद : बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में प्रशासनिक लापरवाही और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) धनबाद इकाई द्वारा किए गए चार घंटे के तालाबंदी आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और संगठन के बीच 11 सूत्री मांगों पर महत्वपूर्ण समझौता हुआ। AISA ने इसे छात्रों की बड़ी जीत बताया है।

AISA के जिला संयोजक रितेश मिश्रा एवं BBMKU प्रभारी दीपक महतो ने बताया कि चार घंटे की तालाबंदी के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ हुई वार्ता में छात्रों की सभी जायज मांगों पर सहमति बन गई है।

उन्होंने बताया कि समझौते के तहत एलएलएम की पढ़ाई अगले सत्र से अविलंब शुरू करने की मांग को प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है। साथ ही छात्रों के प्रतीक्षा के लिए प्रत्येक विभाग के बाहर कुर्सी, टेबल और बेंच की व्यवस्था तत्काल करने पर सहमति बनी है।

इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में बिजली, पानी और लिफ्ट की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त किया जाएगा। पानी की समस्या होने पर टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया है।

रितेश मिश्रा एवं दीपक महतो ने बताया कि सत्र को नियमित रूप से चलाने, सेल्फ फाइनेंस मोड से कोर्स को हटाने तथा क्लस्टर सिस्टम को वापस लेने जैसी महत्वपूर्ण मांगों पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने सहमति जताई है।

AISA ने अपने बयान में कहा है कि इन सभी मांगों पर अगले सप्ताह से धरातल पर असर दिखना शुरू हो जाएगा। संगठन विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रत्येक कदम पर नजर रखेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि समझौते का पूरी तरह पालन हो।

संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय-सीमा के भीतर मांगों को पूरा नहीं किया गया तो AISA पुनः विश्वविद्यालय में तालाबंदी करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। AISA ने इसे छात्रों की एकजुटता की जीत बताते हुए कहा कि शिक्षा बचाने की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top