बच्चों ने निबंध में लिखी स्वच्छता की कहानी, जिला स्तरीय प्रतियोगिता का मिलेगा मौका
प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल कोलहर समेत टुंडी के स्कूलों के बच्चे स्वच्छता की अलख जगाने उतरे
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत टुंडी में स्वच्छता को लेकर बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वच्छता ही सेवा (SHS) पखवाड़ा के तहत प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल कोलहर समेत टुंडी के अन्य विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने ‘जीवन में स्वच्छता का महत्व और जरूरत’ विषय पर अपने विचारों को कागज पर उतारा।
प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वच्छता के प्रति अपनी सोच और जागरूकता को शब्दों में अभिव्यक्त किया। बच्चों ने स्वच्छ घर और स्वच्छ समाज को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर प्रेम सिन्हा ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक चलेगा। इसका उद्देश्य स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। साथ ही घर, विद्यालय और समाज में स्वच्छता की आदत को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं है। इसमें समाज की भागीदारी भी जरूरी है। बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के वास कोऑर्डिनेटर प्रेम सिन्हा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुखदेव मोदी, शिक्षक अजय रजवार, इंदु कुमारी और प्रणव शरण का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।