छठ घाटों पर ड्रोन से निगरानी, खतरनाक घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर, सुरक्षा की व्यापक तैयारी शहर को जाममुक्त बनाने की पहल तेज, जल्द लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरेे, गोविंदपुर में तैनात होगा अतिरिक्त ट्रैफिक बल

छठ घाटों पर ड्रोन से निगरानी, खतरनाक घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर, सुरक्षा की व्यापक तैयारी

शहर को जाममुक्त बनाने की पहल तेज, जल्द लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरेे, गोविंदपुर में तैनात होगा अतिरिक्त ट्रैफिक बल

डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में अक्टूबर माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में घटित आपराधिक घटनाओं, दर्ज कांडों, लंबित मामलों के निष्पादन, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा आगामी छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने अक्टूबर माह के अपराध एवं कांड निष्पादन से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया कि अक्टूबर माह में जिले के विभिन्न थानों में कुल 412 कांड दर्ज किए गए जबकि पुलिस द्वारा इस अवधि में कुल 483 कांडों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। इस प्रकार माह के दौरान दर्ज कांडों की तुलना में 71 अधिक मामलों का निष्पादन किया गया।

लगातार किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप जिले में लंबित कांडों की संख्या घटकर 1562 रह गई है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नवंबर माह के अंत तक लंबित कांडों की संख्या को निर्धारित लक्ष्य 1500 से नीचे लाने के लिए पूरी तत्परता से काम करें।

एसएसपी ने कहा कि अक्टूबर माह के दौरान जिले में कोई बड़ी आपराधिक वारदात नहीं हुई। इस अवधि में घटित अधिकांश आपराधिक घटनाओं का उद्भेदन भी कर लिया गया है। चोरी एवं चेन छिनतई जैसी घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की पहचान की जा चुकी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी परिस्थिति में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 53 लाख रुपये का चालान

अपराध समीक्षा के साथ-साथ बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी  ने बताया कि अक्टूबर माह में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले विभिन्न वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस द्वारा करीब 53 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर 149 सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में जल्द ही संबंधित विभाग द्वारा निविदा (टेंडर) जारी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी तथा आपराधिक घटनाओं की रोकथाम एवं घटनाओं के अनुसंधान में भी सहायता मिलेगी।

गोविंदपुर फ्लाईओवर के आसपास जाम से मिलेगी राहत

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और लगातार लगने वाले सड़क जाम की समस्या के समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया। गोविंदपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण उत्पन्न हो रही जाम की समस्या को देखते हुए जल्द ही इलाके में अतिरिक्त ट्रैफिक बल की तैनाती की जाएगी ताकि निर्माण कार्य के दौरान भी वाहनों का परिचालन सुचारु रूप से जारी रह सके।

इसके अतिरिक्त सरायढेला बिग बाजार, हीरापुर, श्रमिक चौक एवं बैंक मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि इन इलाकों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहर के व्यस्ततम एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में सड़क जाम का एक प्रमुख कारण पार्किंग की समुचित व्यवस्था का अभाव भी है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर आयुक्त के साथ जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्किंग की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहनों के खड़े रहने की समस्या को दूर करने के लिए ठोस पहल की जाएगी।

छठ घाटों पर होंगे सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, ड्रोन से होगी निगरानी

आगामी छठ महापर्व को लेकर एसएसपी  ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रमुख मार्गों और छठ घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। घाटों के आसपास सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे तथा चिन्हित खतरनाक स्थानों पर गोताखोरों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसके अलावा संवेदनशील एवं चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। अधिक भीड़भाड़ वाले छठ घाटों पर ड्रोन के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी ताकि भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस बल की तैनाती की जा सके।

एसएसपी  ने कहा कि छठ महापर्व आस्था एवं श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को आवागमन, सुरक्षा अथवा किसी अन्य प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तत्पर है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

छठ पूजा के बाद अपराधियों के विरुद्ध चलेगा विशेष अभियान

बैठक के अंत में एसएसपी  प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद जिले में अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन, कुर्की-वारंट का निष्पादन तथा फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने तथा शहर को जाममुक्त बनाने के लिए विशेष कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी  ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण, अनुसंधान एवं कांडों के निष्पादन में पूरी गंभीरता बरतें। आम जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस के प्रति नागरिकों का विश्वास मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारी जवाबदेही एवं सक्रियता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना धनबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top