बंद खदान के पानी में डूबने से महिला की मौत
तीन मई को है मृतका के बेटी की शादी, माहौल गमगीन
बलियापुर थाना क्षेत्र के दूधिया का मामला
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के दूधिया गांव की 35 वर्षीय अंगूरा देवी की मौत शनिवार को एक बंद पत्थर खदान के पानी में डूबने से हो गई। वह उपरबांधा स्थित खदान के पानी में नहाने गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी खोज में खदान की ओर गए । खदान के बाहर महिला के कपड़े रखा हुआ था। परिजनों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। संदेह होने पर झग्गड़ लाकर खदान के पानी में खोजबीन शुरू हुई। घंटो बाद खदान के पानी के अंदर से महिला का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतका के शव को जप्त कर पोस्टमार्टम हेतु धनबाद भेज दिया है। मृतका हिरदेश मोदक की पत्नी थी। उनका एक पुत्र और एक पुत्री है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की पुत्री की शादी 3 मई को निर्धारित है। पुत्री की शादी के कुछ ही दिन पूर्व मां की मौत की इस घटना से गांव का माहौल गमगीन हो गया है। घटनास्थल पर पंचायत प्रतिनिधि के अलावे पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, प्रदीप उपाध्याय समेत काफी संख्या में ग्रामीण थे।