बैंक मोड़ के शांति भवन में बिजली मीटर में लगी भीषण आग
अग्निशमन यंत्र के अभाव में मची अफरा-तफरी, समय पर दमकल ने टाला बड़ा हादसा
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के व्यस्त इलाका बैंक मोड़ स्थित शांति भवन बिल्डिंग में बुधवार को बिजली मीटर में अचानक आग लग जाने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही मीटर से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे बिल्डिंग के फ्लैटों में रहने वाले लोग घबरा कर आनन-फानन में नीचे उतरने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग मीटर के ठीक बगल में संचालित जेनरेटर रूम तक नहीं पहुंच सकी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। शांति भवन के बगल स्थित मधुलिका इंक्लेव के निवासियों ने अपने यहां उपलब्ध फायर उपकरण लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। शांति भवन के निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग में किसी प्रकार का अग्निशमन यंत्र या सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।
दमकल कर्मियों और आम लोगों की सूझबूझ से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति कुछ देर बाधित रही।