बाघमारा प्रखंड मुख्यालय के समक्ष कांग्रेसियों ने दिया धरना
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बाघमारा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को धरना दिया गया। बाघमारा प्रखंड मुख्यालय के समक्ष आयोजित धरना की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष बलराम महतो ने की। संचालन सत्येन्द्र पाण्डेय कर रहे थे।
पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सह बाघमारा विधानसभा प्रभारी अवध नारायण प्रसाद एवं पूर्व विधायक जलेश्वर महतो उपस्थित थे।
वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से जनता परेशान हैं। नीट परीक्षा का पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
धरना के उपरांत बाघमारा अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।