अवैध वसूली के खिलाफ टोटो चालकों ने डीआरएम कार्यालय पर दिया धरना
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में पार्किंग शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली और टोटो चालकों के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को झारखंड ई-रिक्शा (टोटो) संघ के बैनर तले चालकों ने डीआरएम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान चालकों ने अपनी टोटो सड़क किनारे खड़ी कर सांकेतिक चक्का जाम भी किया और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पार्किंग शुल्क निर्धारित दर पर लेने, अवैध वसूली पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
संघ के संरक्षक एवं कांग्रेस नेता वैभव सिन्हा ने आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित पार्किंग में निर्धारित 10 रुपये के बजाय टोटो चालकों से 40 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर चालकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जाता है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार डीआरएम को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
धरने में शामिल टोटो चालकों ने कहा कि वे मेहनत कर लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं, लेकिन रेलवे पार्किंग में उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता है। उन्होंने मांग की कि पार्किंग शुल्क निर्धारित दर के अनुसार ही लिया जाए, अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।