अवैध महुआ शराब पर रोक की मांग को लेकर महिलाओं ने किया पचंबा थाना का घेराव

Advertisements

अवैध महुआ शराब पर रोक की मांग को लेकर महिलाओं ने किया पचंबा थाना का घेराव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पचंबा थाना क्षेत्र के कल्याणडीह में अवैध महुआ शराब की बिक्री के खिलाफ सोमवार शाम दर्जनों महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने पचंबा थाना पहुंचकर घेराव किया और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र में खुलेआम महुआ शराब की बिक्री हो रही है, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने कहा कि शराब कारोबारियों का विरोध करने पर वे मारपीट और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं।

महिलाओं ने बताया कि शराब के नशे में धुत लोग आए दिन क्षेत्र में उत्पात मचाते हैं तथा महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। इससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गडरमा से कल्याणडीह में महुआ शराब की सप्लाई की जाती है। कई बार स्थानीय युवकों ने शराब लेकर जा रहे लोगों को पकड़ा भी, लेकिन कथित रूप से ऊंची पहुंच और प्रभाव का हवाला देकर आरोपी कार्रवाई से बच निकलते हैं। साथ ही विरोध करने वालों को धमकाया जाता है।

महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि कल्याणडीह में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने को मजबूर होंगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top