अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन में कतरास के कवि को मिला सम्मान ‘कोहरा और सूरज’ के माध्यम से जीवन की बाधाओं से बिना विचलित हुए आगे बढ़ने का दिया अनूठा संदेश

अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन में कतरास के कवि को मिला सम्मान

‘कोहरा और सूरज’ के माध्यम से जीवन की बाधाओं से बिना विचलित हुए आगे बढ़ने का दिया अनूठा संदेश

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): दिल्ली के विज्ञान भवन में विश्व हिन्दी परिषद के तत्वावधान में दो दिवसीय “अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। “भारत रत्न अटल: हिंदी, राष्ट्रवाद और सुशासन” विषय पर आधारित इस वैश्विक सम्मेलन में कतरास कोयलांचल के कवि और वित्त मंत्रालय, भारत सरकार में कार्यरत सचिन सिन्हा ने लगातार दूसरी बार हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी कविता ‘कोहरा और सूरज’ के माध्यम से जीवन की बाधाओं से बिना विचलित हुए आगे बढ़ने का अनूठा संदेश दिया, जिससे दुनियाभर से आए विद्वान और हिंदी प्रेमी मंत्रमुग्ध हो गए। इस उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार द्वारा प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
​उद्घाटन सत्र में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, प्रो. सच्चिदानंद मिश्र, वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश जी, रवि अय्यर, पूर्व गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी, फिजी के राजदूत जगन्नाथ सामी, चुनाव आयुक्त शांतमनु, विवेकानंद शांडिल्य, पूर्व सांसद के.सी. त्यागी, डॉ. नंदकिशोर साह, रामधारी सिंह दिनकर के पौत्र अरविंद कुमार सिंह, अनिल ठाकुर, डॉ. रश्मि सलूजा और संस्कृति मंत्रालय के सदस्य दीपक ठाकुर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
​इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश में हिंदी के प्रचार-प्रसार से जुड़े लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना था, जिसमें अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया, कतर, ब्रिटेन, मॉरीशस, बहरीन, इंडोनेशिया, थाईलैंड, नीदरलैंड और श्रीलंका जैसे देशों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की। सचिन सिन्हा का यह दूसरा अवसर है जब उन्हें इस प्रतिष्ठित मंच पर सम्मानित किया गया है। इसके अलावा भी विभिन्न राज्यों के कई मंचों से उन्होंने कतरास कोयलांचल का गौरव बढ़ाया है। उनकी चर्चित पुस्तक ‘काव्यधारा’ अमेजन और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध है तथा इसी नाम से उनका यूट्यूब चैनल भी संचालित है जिसके जरिए वे निरंतर हिंदी प्रेमियों से जुड़े रहते हैं। इस गौरवशाली पल के लिए कोयलांचल वासियों ने उन्हें बधाई दी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top