अंबेडकर चौक पर चला वाहन जांच अभियान, 102 वाहनों का कटा चालान

Advertisements

अंबेडकर चौक पर चला वाहन जांच अभियान, 102 वाहनों का कटा चालान

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए परिवहन विभाग ने मंगलवार को अंबेडकर चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 102 वाहनों का चालान काटा गया और कुल ₹1.47 लाख का जुर्माना वसूला गया।

उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में यातायात निरीक्षक, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई), डीआरएसएम और परिवहन विभाग की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने दोपहिया वाहनों, टोटो और अन्य वाहनों की जांच कर ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, हेलमेट समेत आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।

जांच के दौरान 93 मोटरसाइकिल और 9 टोटो चालकों को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया गया। इसके बाद सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान जारी किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की।

प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी इसी तरह के जांच अभियान चलाए जाएंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top