अहिल्यापुर में ट्रक ने स्कूली ऑटो में मारी टक्कर, पांच बच्चे घायल, एक की हालत गंभीर 

Advertisements

अहिल्यापुर में ट्रक ने स्कूली ऑटो में मारी टक्कर, पांच बच्चे घायल, एक की हालत गंभीर 

गिरिडीह-जामताड़ा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, आक्रोशितों ने किया सड़क जाम 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : ​गांडेय अंचल के अहिल्यापुर थाना अंतर्गत गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर बेलाटांड के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। स्कूल जा रहे बच्चों से भरे ऑटो में एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

 ऑटो में सवार होकर घोसको-चमलिटी गांव के 12 स्कूली बच्चे अपने विद्यालय जा रहे थे। तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार सभी बच्चे सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। ​घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे थे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। ​जाम की सूचना मिलते ही अहिल्यापुर, गांडेय और ताराटांड थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच लंबी वार्ता के बाद प्रशासन के आश्वासन पर लगभग चार घंटे बाद जाम हटाया गया।

वहीं अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवा दिया गया है। फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top