अधूरे सड़क निर्माण के कारण घरों में घुसा बारिश का पानी
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी (धनबाद) : गोविंदपुर साहिबगंज मुख्य सड़क के फोरलेनिंग कार्य में लापरवाही और अनियमितता के कारण पहली ही बारिश लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। दर्जनों घरों के अंदर बारिश का बहता हुआ गंदा पानी घुस गया। घर और आंगन में रखे बर्तन, खटिया, बिस्तर, बक्सा, बैटरी आदि पानी में डूब गए। हल्के फुल्के सामान तैरने लगा। गोविंदपुर साहिबगंज सड़क किनारे बसे घरों में का हाल सबसे बुरा हुआ। क्षेत्र के शंकरडीह, बलारडीह, बड़बाद, लटानी,हलकट्टा आदि जगहों के ग्रामीणों ने इसका जिम्मेदार सीधे तौर पर फोरलेनिंग कार्य कर रही सड़क निर्माण कंपनी त्रिवेणी इंजिकोन्स प्राइवेट लिमिटेड को ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई जगहों पर सड़क ऊंची और मकान नीचे हो गया है। सड़क के किनारे नाली निर्माण भी नहीं किया गया है जिस कारण पानी निकासी बंद हो गया है। अभी पहली बारिश शुरू हुई है और यह समस्या है तो पूरे मानसून में क्या हाल होगा इसका अंदाजा लगा सकते हैं। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण कंपनी के मनमाने रवैए से लोगों को इस साल काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।अगर मानसून के पूर्व नाली निर्माण नहीं किया जाता है तो बारिश में कई मकान ढह सकता है। इसके अलावा जहां तहां गंदे पानी का जलजमाव हो सकता है जिससे स्थिति काफी खराब हो सकती है।